देहरादून में अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित ‘जन समाधान दिवस’ में 110 से अधिक जनसमस्याएं सामने आईं। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्राम पंचायत मामलों और बिजली बिलों में सोलर ऊर्जा यूनिटों के समायोजन संबंधी शिकायतें दर्ज हुईं।
प्रमुख मामलों में रामपुरकलां हाट बाजार में अवैध वसूली रोकने, मदनमोहन नेगी के 3 किलोवाट सोलर पैनल की बकाया यूनिटों को विद्युत बिल में समायोजित करने तथा खीमा देवी की निजी भूमि पर बिना अनुमति लगे विद्युत पोल हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त भूमि विवाद और कब्जे की शिकायतों पर एसडीएम विकासनगर को जांच सौंपी गई। वहीं, मालदेवता में स्व. संदेश थापा की संदिग्ध मृत्यु के मामले में निष्पक्ष जांच हेतु सीओ रायपुर को निर्देशित किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए और शिकायतकर्ताओं को पारदर्शी तरीके से वास्तविक राहत उपलब्ध कराई जाए।
