मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया। कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में इस दल ने 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट ईस्ट चोटी पर सफल आरोहण कर इतिहास रचा है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से ऊंची चोटी पर यह पहला सफल अभियान है।
उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के तहत दल ने चोटी पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री ने दल के अदम्य साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
यह अभियान तटरक्षक बल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत 15 सितंबर से 9 अक्टूबर तक संचालित किया गया।
