देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने स्थानीय पार्षद कपिल धर के साथ वार्ड संख्या 66, रायपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था, नालियों की स्थिति और स्थानीय नागरिकों को पेश आ रही जलभराव की समस्या का बारीकी से जायजा लिया।
मौके पर मौजूद मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, स्वास्थ्य निरीक्षक महिपाल, भूपेंद्र और निगम कर्मियों को निर्देशित करते हुए महापौर ने क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकालने के निर्देश दिए।
महापौर ने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे हों ताकि जनता को राहत मिल सके। उन्होंने देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
