वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह’ के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देशानुसार शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शांतिनगर में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच की गई।
सीएमओ डॉ. शर्मा ने बताया कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बुजुर्गों के लिए नियमित जांच व दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट ने बुजुर्गों के लिए पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम व समय पर जांच की महत्ता पर बल दिया।
शिविर में बुजुर्गों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, दमा, डिप्रेशन तथा हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की जांच कर जागरूक किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंदों को सहायक उपकरण व फल वितरित किए गए। शिविर डॉ. रिया उनियाल की देखरेख में संपन्न हुआ। सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 104 भी साझा किया गया।
