देहरादून के रायपुर में ट्रिपल मर्डर: प्लम्बर ने पेचकस से गोदकर बुजुर्ग दंपत्ति और नौकरानी की हत्या की, गिरफ्तार
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी (तपोवन रोड) में पैसों के विवाद में एक प्लम्बर ने 80 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और बीच-बचाव करने आई पड़ोस की नौकरानी तिलया देवी (48) की पेचकस से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार (मूल निवासी बिजनौर, हाल निवासी इंदिरेश नगर) पिछले दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के यहाँ प्लम्बिंग का काम करता था। आज भी उसे काम के लिए बुलाया गया था। कार्य समाप्त होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पेचकस से दंपत्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आई नौकरानी पर भी उसने हमला कर दिया। अस्पताल ले जाने पर तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आला-ए-कत्ल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद कर ली है।
