उत्तराखंड में स्वास्थ्य परामर्श और जानकारी देने वाली ‘104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन’ की सेवाएं 1 से 9 नवंबर 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), उत्तराखंड के अनुसार नई कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी सौंपने और नया सॉफ्टवेयर स्थापित करने व तकनीकी परीक्षण के चलते यह निर्णय लिया गया है।
अब इस हेल्पलाइन का संचालन नई एजेंसी ‘वी विन लिमिटेड’ (We Win Limited) करेगी, जो 10 नवंबर से अपनी सेवाएं शुरू करेगी। संचालन बंद रहने के दौरान नागरिकों को 104 नंबर पर टेली-परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाएं नहीं मिल सकेंगी।
एनएचएम उत्तराखंड के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने आमजन को होने वाली असुविधा पर खेद जताते हुए अपील की है कि इस अवधि के दौरान जरूरी चिकित्सीय परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नागरिक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करें।
