कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून खुद मैदान में उतर गए हैं। शनिवार को उन्होंने ऋषिकेश, रायवाला और रानीपोखरी क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में आए श्रद्धालुओं को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया, उनसे यात्रा की जानकारी ली और फल, मिष्ठान व पेय पदार्थ वितरित कर सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ पूरी निष्ठा से कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए। मेले के अंतिम चरण में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर उन्होंने पड़ोसी जनपदों से समन्वय बनाकर निर्धारित मार्गों पर ही यात्रा संचालित करने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव न बढ़े।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
