दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के त्योहारों को लेकर देहरादून पुलिस ने दून शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान व एडवाइजरी जारी की है। व्यवस्था के तहत शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि पलटन बाजार, धामावाला और पीपल मंडी क्षेत्र को अत्यधिक दबाव की स्थिति में ‘जीरो जोन’ घोषित कर केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी।
पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह 10 से रात 9 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक, एमडीडीए कॉम्प्लेक्स और गांधी इंटर कॉलेज सहित अतिरिक्त पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। विक्रम व सिटी बसों के रूट डायवर्ट कर नए पिकअप प्वाइंट तय किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए सीपीयू सहित 160 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को 6 क्रेन के जरिए टो कर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। निगरानी हेतु सीसीटीवी और ड्रोन की मदद ली जा रही है।
