उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने देहरादून के कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आंदोलनकारियों को सम्मानित किया।
गणेश गोदियाल ने खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर कांड के बलिदानियों के साथ-साथ मातृशक्ति और युवाओं के संघर्ष को नमन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व वाली पहली निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने राज्य में बुनियादी ढांचे, जलविद्युत परियोजनाओं और औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार कर विकास की मजबूत नींव रखी थी।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी उत्तराखण्ड को स्थायी राजधानी नहीं मिल सकी, जबकि कांग्रेस ने गैरसैण में विधानसभा भवन बनवाया था। साथ ही उन्होंने 9 नवंबर के बजाय तीन दिन पहले से राज्योत्सव मनाने की नई परंपरा पर आपत्ति जताते हुए इसे जनभावनाओं के विपरीत बताया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे।
