मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सारथी विहार में ‘सुपर चेकिंग’ के अंतर्गत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की और स्थानीय मतदाताओं से बातचीत कर फीडबैक लिया। जांच में उन्होंने पाया कि बीएलओ और ईआरओ स्तर पर फार्म-7 का निस्तारण नियमों के तहत सही तरीके से किया गया है। सीईओ ने अभियान में जुटे फील्ड स्टाफ और बीएलओ की मेहनत की सराहना की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि आगामी 3 अक्टूबर को प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 3 अक्टूबर के बाद मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
