उत्तराखंड में बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी के सुरक्षित परिवहन की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (SLSC) की 21वीं बैठक आयोजित की गई। यह बैठक गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) कानपुर द्वारा आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों और प्रमुख बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा आरबीआई देहरादून और केंद्रीय कार्यालय मुंबई के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में बैंकिंग सुरक्षा चुनौतियों, करेंसी चेस्ट की संरक्षा, जाली नोटों की रोकथाम और नकदी के सुरक्षित आवागमन के प्रभावी उपायों पर मंथन हुआ। समिति को सुरक्षा तंत्र मजबूत करने का अहम मंच बताते हुए सभी हितधारकों ने निरंतर समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को अनिवार्य बताया।
