देहरादून में 25 योजनाओं की समीक्षा: पार्किंग स्थल चिह्नित करने और रिस्पना नदी में ट्रैश स्क्रीन लगाने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद स्तर पर संचालित 25 योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति और राजस्व प्राप्ति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ईको टूरिज्म, होमस्टे नीति, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई। नदियों में कचरा रोकने के लिए डीएम ने नालों व पुलियों पर ‘ट्रैश स्क्रीन’ लगाने के निर्देश दिए, जिसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले रिस्पना नदी पर शुरू किया जाएगा। साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था सुधारने हेतु एमडीडीए के मास्टर प्लान के आधार पर नए पार्किंग स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निराश्रित पशुओं के लिए कैटल पाउंड, ‘कैच द रेन’ और नशामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने विभागीय समन्वय पर जोर दिया।
