दिल्ली प्रवास से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 179 ट्रैकर्स व पर्वतारोहियों के राहत-बचाव कार्य की समीक्षा की। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी में 136 और बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र में 43 लोग फंसे थे।
उत्तरकाशी में फंसे लोगों में से 40 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 40 ने यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार सुबह 6 बजे से अभियान दोबारा शुरू होगा। रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर और आपात स्थिति के लिए हेली एंबुलेंस स्टैंडबाय पर रखे गए हैं।
सीएम ने अधिकारियों को प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए धामों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का दीर्घकालिक प्लान बनाने को कहा।
