शहर में गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ आरटीओ प्रवर्तन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। विशेष चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहनों के चालान काटे गए और 21 वाहनों को सीज किया गया।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के अनुसार, व्यस्त समय में आईएसबीटी, आशारोड़ी, मोब्बेवाला, मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में इंटरसेप्टर, टास्क फोर्स और बाइक स्क्वॉड की चार टीमों ने यह कार्रवाई की। अभियान में खासतौर पर गलत दिशा में चलने वाले दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया।
डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर विपरीत दिशा में गाड़ी चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की संस्तुति भी की गई है। सड़क हादसों पर रोक लगाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संवेदनशील मार्गों पर अब साप्ताहिक विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
