कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा द्वारा विधायक मदन सिंह बिष्ट के एक वायरल वीडियो पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार और “माफी मांगो” के ड्रामे को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक ने कोई अपशब्द नहीं कहे हैं और माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह चुनिंदा और एडिट किए गए वीडियो के जरिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने इसे भाजपा की सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और चरमराती कानून व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार इस तरह के ‘विक्टिम कार्ड’ का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है, जिसके आगे पार्टी के नेता झुकने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे पुतले फूंकने के बजाय राज्य के विकास, रोजगार और सड़क जैसी समस्याओं पर अपना जवाब दें। पार्टी ने जोर देकर कहा कि वे जनता की अदालत में जवाबदेह हैं, न कि भाजपा के झूठे एजेंडे के सामने।
