24 जून 2026 को देहरादून के पटेल नगर स्थित संजय कॉलोनी के वाल्मीकि मंदिर में एक विशेष कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सफाई कर्मचारियों और वंचित वर्ग को सरकार की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ना था।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 95 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग द्वारा 300 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन और ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही उनके आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करवाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालिकाओं व महिलाओं के लिए महालक्ष्मी किट, किशोरी किट और गोद भराई किट वितरित कीं।
शिविर का मुख्य आकर्षण भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) द्वारा 45 वृद्धजनों को 130 सहायक उपकरणों का वितरण रहा। मुख्य अतिथि कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर ने इन उपकरणों को सौंपते हुए विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों तक सीधा पहुंच रहा है। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
