मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत ICICI फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित लगभग 6 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। इस सुविधा से अब चंपावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल के सीमांत क्षेत्रों के निवासियों को मस्तिष्क, रीढ़, कैंसर व स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए हल्द्वानी जैसे बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से समय और धन की बचत होगी और उपचार समय पर सुनिश्चित हो सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्वस्थ उत्तराखंड’ ही ‘विकसित उत्तराखंड’ का आधार है। उन्होंने चंपावत में चल रही अन्य स्वास्थ्य परियोजनाओं की जानकारी दी, जिनमें 20 करोड़ रुपये की लागत से 50-बेड वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और अमोड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। साथ ही, नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 470 लाख रुपये की लागत से आधुनिक छात्रावास का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजनाओं के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क व कैशलेस उपचार प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक स्वस्थ एवं समर्थ उत्तराखंड के निर्माण का आह्वान किया।
