जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को देहरादून के लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में एक विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। वेस्ट वॉरियर्स संस्था सहित विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों को मिलाकर 100 से अधिक लोगों ने इस स्वच्छता महाअभियान में हिस्सा लिया।
जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल अभियान के दौरान सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिन्हित स्थलों पर कूड़े के उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने और आम जनता को जोड़ने पर जोर दिया, ताकि स्वच्छता एक जनआंदोलन बन सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा केवल तय स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। साथ ही, सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
