मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा तैयार की जा रही ‘देहरादून महायोजना-2041’ को लेकर जनसंवाद अभियान जारी है। अभियान के दसवें दिन हुडा कार्यालय, तहसील चौक में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान शहर के विकास, यातायात, जलभराव और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सड़क नेटवर्क के विस्तार, बहुस्तरीय पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही, तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ठोस प्रावधानों की मांग भी प्रमुखता से उठी। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों को दर्ज किया और भरोसा दिलाया कि हर बिंदु का तकनीकी और विधिक परीक्षण किया जाएगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जनभागीदारी से तैयार यह महायोजना देहरादून के सुनियोजित और सतत विकास की आधारशिला बनेगी। प्राधिकरण ने घोषणा की कि अगली जनसुनवाई 20 जुलाई 2026 को राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक कॉलेज, सुद्धोवाला में सेक्टर-11 के लिए आयोजित की जाएगी। एमडीडीए ने संबंधित क्षेत्र के निवासियों और हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने सुझाव देने की अपील की है।
