देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीजी सूचना एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से शैक्षणिक अंकों के साथ चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
श्री तिवारी ने कहा कि सफलता निरंतर प्रयास और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे केवल डिग्रियों तक सीमित न रहें, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य और संवेदनशीलता जैसे गुण अपनाएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तेजी से विकसित हो रहे भारत को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। साथ ही, उन्होंने सफलता के साथ विनम्रता बनाए रखने की प्रेरणा दी।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिससे मेधावी युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिली।
