मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान टिहरी के बौराड़ी क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण में मुख्य सचिव ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की और स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर जाकर सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा। प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने मध्यान्ह भोजन और शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना की।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के दौरे में उन्होंने राजशाही काल से आधुनिक विषयों तक की दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकों के समुचित संरक्षण के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम में निर्माणाधीन खेल सुविधाओं के कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में ‘जैकरेण्डा’ के पौधे रोपे। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
