देहरादून। राजपुर क्षेत्र स्थित एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट की साइट पर घुसकर निर्माण कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों व श्रमिकों के साथ कथित मारपीट करने, धमकी देने और प्रोजेक्ट से जुड़े बोर्ड को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने हरिचंद सिंह राणा निवासी पटेलनगर और सुरेंद्र कुमार निवासी पानीपत, हरियाणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शिकायत टिहरी हाउस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विश्वास घई की ओर से दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 12 मई को कुछ लोग प्रोजेक्ट साइट पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों व श्रमिकों को धमकाया। इसके बाद 25 मई को शिकायतकर्ता को फोन कर संपत्ति खाली करने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को पहलवान बताया और फोन पर उसे ‘राणा जी’ का बताया गया।
शिकायत के अनुसार 31 मई को प्रोजेक्ट साइट पर लगे प्रोजेक्ट और रेरा संबंधी बोर्ड को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके साथ छेड़छाड़ की गई। वहीं सात सितंबर को करीब पांच लोग जमीन का निरीक्षण करने और उसे ‘रॉ लैंड’ बताकर बिक्री से संबंधित गतिविधि के लिए साइट पर पहुंचे।
MDDA से भी जुड़ा रहा है राणा का नाम
इस पूरे मामले में आरोपी हरिचंद सिंह राणा का पूर्व में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) में अभियंता पद पर रहते हुए कामकाज भी चर्चा में रहा है। राणा के कार्यकाल को लेकर समय-समय पर विभिन्न मामलों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आते रहे हैं। VN News ने भी पूर्व में राणा से जुड़े एक मामले को प्रमुखता से उठाते हुए सवाल खड़े किए थे।
हालांकि, इन आरोपों को लेकर संबंधित स्तर पर क्या जांच हुई, क्या कार्रवाई हुई और आरोपों की वर्तमान स्थिति क्या है, यह भी जांच का महत्वपूर्ण विषय है। उपलब्ध रिपोर्टों में भी राणा को लेकर MDDA में विवाद और शिकायतों का उल्लेख मिलता है।
अब मारपीट और धमकी के इस मामले में उनका नाम सामने आने के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस इस मामले की जांच केवल मारपीट की घटना तक सीमित रखेगी या इससे जुड़े पुराने विवादों और आरोपों की भी पड़ताल होगी।
फिलहाल राजपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। **जांच के बाद आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ होगी।**
