उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा भरता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण सिर्फ सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों के चेहरों की मुस्कान को अपने जन्म दिवस का सबसे खास उपहार बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
