मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल’ और स्थानीय उत्पादों के निर्यात संवर्धन पर जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने हर जिले को अपना विशिष्ट पर्व या मेला ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल’ के रूप में विकसित करने और उसका वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने चमोली के रम्माण, उत्तरकाशी के बटर फेस्टिवल, और हरिद्वार, नैनीताल, मसूरी के विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों को बड़े स्तर पर ब्रांडिंग कर वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेलों को ‘इंस्टीट्यूशनलाइज्ड’ किया जाए और इनमें प्रवासियों को भी जोड़ा जाए।
निर्यात संवर्धन के लिए प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में एक स्थायी समिति गठित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें उद्योग, वन और आयुष सचिव शामिल होंगे। इसके अलावा, जीआई टैग वाले उत्पादों की यूएसपी विकसित करने, बेहतर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के जरिए उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
