जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन और डेंगू नियंत्रण को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और जलभराव व स्वच्छता की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में जीपीएस युक्त जेसीबी मशीनें तैनात करने और आपदा केंद्रों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। डेंगू की रोकथाम हेतु नगर निगम को फॉगिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने और एंटी-लार्वा छिड़काव करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर सर्वे कर संदिग्ध बुखार के मामलों की जांच करने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विद्यालयों में डेंगू रोधी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। छात्र-छात्राओं को पूरी बाजू (फुल स्लीव) के कपड़े पहनकर आने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, और इन नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों पर एपिडेमिक एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। साथ ही, जिलाधिकारी ने सभी उप-जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में कूड़े के ढेरों की सफाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में आपदा, स्वास्थ्य, नगर निगम और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे
