टिहरी। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण टिहरी में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी होने के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। 29 जून 2026 को उपाध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के तहत सहायक अभियंता पंकज पाठक को पूर्व में जारी प्रतिनियुक्ति आदेशों से अवमुक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, टिहरी के मुख्यालय कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
कार्यालय आदेश के अनुसार यह निर्णय उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 की धारा 51(6) के अंतर्गत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए “प्रशासनिक एवं कार्यहित” में लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है तथा इसकी प्रतिलिपि आयुक्त गढ़वाल, जिलाधिकारी टिहरी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
हालांकि आदेश में संबद्धीकरण का विस्तृत कारण नहीं बताया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार विभागीय स्तर पर किसी मामले की जांच भी चल रही है, जिसे इस कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक प्राधिकरण या किसी सक्षम अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आदेश में “प्रशासनिक एवं कार्यहित” का हवाला, लेकिन विभागीय गलियारों में जांच की चर्चाओं ने बढ़ाई हलचल
यही वजह है कि पूरे मामले को लेकर विभागीय गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि सहायक अभियंता को अचानक मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय लेना पड़ा।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आने वाले दिनों में इस मामले में कोई और प्रशासनिक कार्रवाई होगी या विभाग जांच को लेकर कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करेगा।
