देहरादून कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के लिए गठित समिति की बैठक सकारात्मक माहौल में आयोजित हुई। बैठक में आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का परीक्षण शासन द्वारा निर्धारित मानकों और तय प्रक्रिया के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि चिन्हीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करते हुए उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों की विधिवत जांच की जाए। साथ ही अधिकारियों को समिति सदस्यों से समन्वय बनाकर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।
समिति सदस्यों ने भी अपने सुझाव साझा किए। बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर, ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर, पुलिस अधिकारी तथा राज्य आंदोलनकारी ओपी उनियाल, सरोज डिमरी, निर्मला बिष्ट समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
