
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें प्रदेश की पहचान, गौरव और संस्कृति का सशक्त संवाहक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण हेतु प्रवासियों की प्रतिभा, अनुभव और निवेश अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने की प्रवासियों की पहल की सराहना की, जिससे रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और विशेष रूप से ‘नंदा राजजात’ की भव्य प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रसून जोशी, हिमानी शिवपुरी, सुधांश पंत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
