देहरादून नगर निगम सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर चार्ज अधिकारियों और सहायक चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। दूसरे चरण के तहत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को जनगणना कार्य समयबद्ध, योजनाबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस बार आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है और गणना में लगभग 40 प्रश्न शामिल रहेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन के लिए ‘स्वगणना’ (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की अवधि तय की गई है। उन्होंने अधिकारियों को इसके प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए ताकि बाद में घर-घर गणना का कार्य सुगम हो सके। प्रशिक्षण में 23 चार्ज और 23 सहायक चार्ज अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
