कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंगलौर विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने राज्य सरकार और चुनाव आयोग पर प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग तथा चुनाव प्रक्रियाओं में धांधली का गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ हैं, लेकिन आज हर स्तर—ग्राम पंचायत, नगर निकाय, सहकारिता से लेकर छात्र संघ चुनावों तक में भारी विसंगतियां दिख रही हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि नारसन ब्लॉक में 8 बार रिकाउंटिंग कराकर जीते हुए प्रत्याशी को 1 वोट से हराया गया। इसी तरह मंगलौर निकाय चुनाव में बिना जांच के नामांकन रद्द किया गया और डीएवी कॉलेज छात्र संघ चुनाव में सत्ता के दबाव में छात्र नेता की गिरफ्तारी कर चुनाव प्रभावित किया गया।
उन्होंने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से लक्षित नाम काटे जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा करेगी।
