
देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं। जनसुनवाई के दौरान बुजुर्गों की संपत्ति पर कब्जे और पारिवारिक प्रताड़ना के कई गंभीर मामले सामने आए।
क्लेमेंटटाउन निवासी 75 वर्षीय बिहारी लाल, कैलाशपुर की मीना देवी, ऋषिकेश की 76 वर्षीय उषा भल्ला और दीपनगर के 65 वर्षीय विनोद प्रसाद ने बेटों व बहुओं पर मारपीट, भरण-पोषण न करने और मकान पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने संबंधित एसडीएम को प्राथमिकता के आधार पर बुजुर्गों को राहत दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, कैंसर से पति को खो चुकीं संध्या रमोला को मौके पर ही आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
इसके अतिरिक्त, अवैध भूमि कब्जे, रजिस्ट्री धोखाधड़ी, मुआवजा, अतिक्रमण और सड़क मरम्मत से जुड़े मामलों में भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
