देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ और सीएमओ कार्यालय द्वारा तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा और डीन डॉ. सोनिका कंडारी ने किया। सीएमओ डॉ. शर्मा ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि तंबाकू शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक है। उन्होंने कंपनियों द्वारा युवाओं व बच्चों को नए ग्राहक बनाने के षड्यंत्र से सतर्क रहने की अपील की।
मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने प्रेजेंटेशन के जरिए तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर कोटपा (COTPA) अधिनियम और तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशानिर्देशों के तहत एसजीआरआर विश्वविद्यालय को ‘तंबाकू मुक्त विश्वविद्यालय’ घोषित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज फैकल्टी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
