मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) जरूरतमंद बच्चों के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास का आधुनिक स्वरूप में विस्तार कर रहा है। करीब 100 बच्चों की क्षमता वाले इस छात्रावास का उद्देश्य अनाथ, बेसहारा, दिव्यांग, भिक्षावृत्ति और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चों को सुरक्षित आवास व शिक्षा उपलब्ध कराना है।
छात्रावास में ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए छत पर 10 केवीए का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। साथ ही बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए 10 कूलर उपलब्ध कराए गए हैं। सामूहिक व शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक नए हॉल का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण विकास के साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि वंचित बच्चे सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर आत्मनिर्भर बन सकें।
