उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सभा स्थल का शुद्धिकरण सरकार के संरक्षण में कराया गया था।
धस्माना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद भाजपा समर्थित अराजक तत्वों ने मैदान में हवन और गंगाजल छिड़ककर छुआछूत को बढ़ावा देने का अपराध किया। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हालिया बयान को इस कृत्य की सीधी स्वीकारोक्ति बताया और आरोप लगाया कि भाजपा अपराधियों को बचाने में जुटी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की दलित, पिछड़ा और संविधान विरोधी मानसिकता को देशभर में बेनकाब करेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रुख का हवाला देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ेगी।
