मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना नक्शा पास निर्माण कार्यों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान डोईवाला क्षेत्र में दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि ऋषिकेश में तीन अवैध निर्माण सील किए गए।
प्राधिकरण की टीम ने डोईवाला के शेरगढ़ माजरीग्रांट में 10 से 15 बीघा और फतेहपुर माजरीग्रांट में करीब 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वहीं ऋषिकेश के विस्थापित क्षेत्र (आमबाग) में अमित भाटिया, राणा जी और पंकज सेठ द्वारा किए जा रहे तीन अवैध निर्माणों को मौके पर सील कर दिया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्लॉट खरीदने या निर्माण करने से पहले एमडीडीए की वैधता अवश्य जांच लें।
