रिपोर्ट: आकाश
कनखल थाना क्षेत्र के नूरपुर पंजनहेड़ी के गोलीकांड में कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सोमवार की सुबह पुलिस ने भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद महिलाएं और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। हंगामा बढ़ता देख आसपास के थानों की पुलिस बुलानी पड़ गई। सुरक्षा घेरा बनाकर पुलिस तीनों आरोपियों को कोर्ट लेकर रवाना हुई। अदालत में पेश कर तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पंजनहेडी स्थित उषा टाउनशिप में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत पर 28 जनवरी को प्रशासन की टीम के पहुंचने के बाद विवाद हो गया था। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान और रिश्तेदार कृष्णपाल को गोली लगी थी। अमित चौहान ने भाजपा नेता अतुल चौहान, उनके भतीजे भाजयुमो प्रदेश मंत्री तरूण चौहान सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि सभी ने लाइसेंसी असलाह से गोली चलाई थी। मामले में अतुल चौहान ने थाने पहुंचकर आत्मसमपर्ण कर दिया था। वहीं, तरुण चौहान, अभिषेक चौहान, गौरव चौहान की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। मगर कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक तीनों के अदालत से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और कनखल थाने ले आई। इस बीच पीछे-पीछे तरुण चौहान के समर्थक, परिवार व गांव की महिलाओं के अलावा बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्र होकर कनखल थाने पहुंच गए। सभी ने थाने में जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। महिला पहले बीच परिसर व फिर एसएचओ के कमरे के बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगी। हंगामा बढ़ता देख सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। शहर कोतवाली, श्यामपुर, ज्वालापुर से भी पुलिस फोर्स बुला ली गई।
