रुड़की में प्रतिभा सम्मान समारोह: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
हरिद्वार के रुड़की में विद्या भारती, उत्तराखंड द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने ‘आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका’ का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तराखंड में देश की सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू की गई है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून बनाया गया है, जिसके तहत पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, संस्कारों और राष्ट्रभक्ति के बल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
