विकासनगर में सड़क पर गुंडई: युवकों ने शराब के नशे में युवक को सरेराह पीटा, दूसरे को कार से मारी टक्कर
रिपोर्ट: आकाश
पछवादून क्षेत्र में रविवार रात को धर्मावाला चौक पर नशे में धुत युवकों ने एक युवक को सरेराह बुरी तरह से पीट दिया। एक आरोपी ने अपनी कार से टक्कर मार कर युवक की कार क्षतिग्रस्त कर दी। कार को पीछे करते समय एक अन्य युवक को उससे टक्कर भी लगी। गनीमत यह रही युवक कार के पहिए के नीचे नहीं आया। पुलिस ने धर्मावाला निवासी आरोपी इकराम, शाहपुर निवासी विशाल गोयल, प्रतीतपुर निवासी शाहरुख और अरशद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इकराम की कार को सीज कर दिया गया है।
घटना की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में धर्मावाला चौक के पास युवकों का एक दल एक युवक को सड़क पर गिराकर बुरी तरह से पीटता दिखा। इस दौरान एक कार सवार ने पहले सड़क किनारे बने एक भवन के बाहर से जा रही सीढ़ियों पर टक्कर मारी। उसके बाद बाद सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। कार को पीछे करते समय एक युवक को टक्कर मार दी, हालांकि युवक तुरंत खड़ा होकर किनारे हट गया। युवक कार को पहले धर्मावाला चौक की ओर ले गया और फिर वापस घुमाकर उस स्थान पर लाया जहां युवक को पीटा जा रहा था।
कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया शाहपुर कल्याणपुर निवासी रविंद्र सिंह के साथ युवकों ने मारपीट की थी। पीड़ित ने बताया युवक उसके परिचित ही थे। सभी शराब के नशे में थे। वह बिना बात के उनसे बहस करने लगे और अचानक गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया आरोपी इकराम सड़क पर खतरनाक ढंग से कार चला रहा था। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों पर संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार को सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा सड़क पर हुड़दंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शांति व्यवस्था को भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
