दुखद: देहरादून में राहुल गांधी की रैली की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा, कांग्रेस नेता अमर मेहता का निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के आगामी 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक एक दिन पहले एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है। राहुल गांधी की रैली की तैयारियों का जायजा लेने बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता का आकस्मिक निधन हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते समय अमर मेहता पर लोहे का एक भारी स्ट्रक्चर अचानक गिर गया। इस भीषण हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए देहरादून के सीएमआई (CMI) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस खबर के सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। अमर मेहता का यूँ असमय चले जाना पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुँच रहे हैं।
इस अनहोनी ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पूरा कांग्रेस कुनबा गम में डूबा हुआ है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
