उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल है।
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि पुरकुल में सैन्य धाम के निर्माण और मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक 13 किमी मुख्य सड़क के उच्चीकरण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति और मालदेवता-सुआखोली मार्ग का सुदृढ़ीकरण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। सरकार ने सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून लागू कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। नकल विरोधी कानून के बाद से 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी नौकरियां मिली हैं। साथ ही, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे’ और ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी योजनाओं से बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में भी उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
