एआईसीसी लिस्ट आते ही कांग्रेस में घमासान, भड़के कई वरिष्ठ नेता

0 41

उत्तराखंड: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की लिस्ट सामने आते ही कांग्रेस में असंतोष की लपटें भड़क गईं हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव पर हमला बोलते हुए, लिस्ट पर पुनर्विचार की मांग की है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव पर हमला बोलते हुए, लिस्ट पर पुनर्विचार की मांग की है। द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने दो टूक कहा है कि बदले की राजनीति के चलते उन्हें कमजोर किया जा रहा है। अब जिन लोगों को जिम्मेदारी दी है, वो ही 2024 में अल्मोड़ा सीट पर पार्टी को जीत दिलाएं।

प्रीतम सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी ने मनमानी दिखाते हुए, दिनेश अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह कुंजवाल, विजयपाल सजवाण, राजकुमार जैसे नेताओं को बाहर कर दिया। वहीं उत्तरकाशी और चम्पावत जिले को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, क्या वहां संगठन के चुनाव नहीं हुए थे? उन्होंने गुरुदीप सिंह सप्पल को भी उत्तराखंड से सदस्य बनाए जाने पर कहा कि उत्तराखंड में उनका मात्र घर हैं, वो रहते महाराष्ट्र में हैं। प्रीतम सिंह ने साफ कहा कि प्रभारी ने लिस्ट बनाने के लिए किसी से विचार विमर्श नहीं किया,वो इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। प्रीतम ने लिस्ट पर पुनर्विचार की भी मांग उठाई है।

जिन्हें जिम्मेदारी दी वो ही जिताएं लोकसभा चुनाव

इधर विधायक मदन बिष्ट ने हिन्दुस्तान को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो 2004 से एआईसीसी के सदस्य रहे हैं। अब प्रदेश कांग्रेस पर हावी एक परिवार, बदले की राजनीति के तहत उनकी घेराबंदी कर रहा है। जबकि वो विधानसभा से लेकर पंचायत चुनावों में तक अपनी क्षमता का परिचय दे चुके हैं। बिष्ट के मुताबिक कई बार के चुनाव हारे और दूसरे दलों से आए नेताओं को तक मौका दिया गया है। अब ऐसे लोग ही लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए आगे आएं। पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर ने हिन्दुस्तान को बताया वो खुद ही पार्टी में कोई पद लेने के इच्छुक नहीं हैं, विधायक खुशहाल सिंह अधिकारी ने भी खुद को पार्टी के निर्णय के साथ बताया है। कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप ने संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, प्रभारी देवेंद्र यादव, अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को फोन कर अपनी नाराजगी जताई है।

सूची से खुली कांग्रेस की कलई भाजपा

देहरादून: भाजपा ने एआईसीसी सूची को लेकर खड़े हुए विवाद पर तंज कसते हुए कहा कि यह कांग्रेस की हकीकत है और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सच्चाई। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि एआईसीसी सूची में उतराखंड से बाहरी लोगों को कोटा व्यवस्था के तहत सदस्य बनाने से कांग्रेस की पोल खुल गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.