
देहरादून के सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र को जलभराव से स्थायी निजात दिलाने और रिस्पना नदी के सौंदर्यीकरण के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों व विशेषज्ञों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर तैयार कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
प्रस्ताव के तहत आईटी पार्क में ड्रेनेज सिस्टम के स्थायी समाधान हेतु 38 करोड़ रुपये तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट एवं इको पार्क के विकास हेतु 2.74 करोड़ रुपये की लागत का आकलन किया गया है। जिलाधिकारी ने रिस्पना रिवरफ्रंट के लिए जिला योजना व डीएमएफ फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने और 38 करोड़ के ड्रेनेज प्रस्ताव को शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में एडीएम के.के. मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
