
समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने रायपुर विधानसभा के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ की अध्यक्षता में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इसके अंतर्गत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेड के छात्रावास और 44.93 लाख रुपये के क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया। वहीं, विद्यालय में 58.68 लाख रुपये से शौचालय व चारदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये से छात्रावास मरम्मत, नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास हुआ।
मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शिता के साथ डीबीटी (DBT) के माध्यम से पेंशन व छात्रवृत्ति का सीधा लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन और निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित कई जनप्रतिनिधि व छात्र मौजूद रहे।
