उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आईं ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो से प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और राजीव गांधी स्टडी सर्किल की राज्य सचिव सुप्रिया धस्माना ने मसूरी रोड स्थित एक होटल में मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड में पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में ब्रिटेन की सहभागिता व निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री धस्माना ने डिप्टी हाई कमिश्नर को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, चारधाम, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं के साथ-साथ सूक्ष्म जल विद्युत परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी दी। वहीं, सुप्रिया धस्माना ने दून और मसूरी के विश्व प्रसिद्ध स्कूलों का जिक्र करते हुए माध्यमिक और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ब्रिटिश सरकार या संस्थानों के साथ संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रमों की संभावनाओं पर जोर दिया।
ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो ने सभी सुझावों और जानकारियों पर आभार जताते हुए ब्रिटिश सरकार को विस्तृत रिपोर्ट भेजने की बात कही। उन्होंने पर्यटन, ऊर्जा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड में निवेश की प्रबल संभावनाएं जताईं। बैठक में उनके साथ चंडीगढ़ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र सिंह नागरकोटी भी उपस्थित रहे।
