गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने आज डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में ‘विशेष गहन पुनरीक्षण-2026’ के द्वितीय चरण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लच्छीवाला और प्रेमनगर स्थित कई मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को बूथों पर स्पष्ट निर्देश बोर्ड लगाने के निर्देश दिए ताकि मतदाताओं को कोई असुविधा न हो।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन नामावली के आगामी कार्यक्रम पर चर्चा की गई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर ड्राफ्ट नामावली तैयार की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि 20 जुलाई से 11 सितंबर के बीच नोटिस जारी करने, आपत्तियों के निस्तारण और अन्य विसंगतियों को दूर करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही, 25 जुलाई से 17 अगस्त तक नोटिस वितरण व तामील की प्रक्रिया चलेगी।
आयुक्त ने बीएलओ को बूथवार ‘अनमेट’ (Unmet) मतदाताओं का विश्लेषण कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो मतदाता पहले चरण में छूट गए थे, वे बीएलओ के माध्यम से प्रपत्र-6, 7 और 8 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं या संशोधन करा सकते हैं। आयुक्त ने पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न करने पर जोर दिया।
