विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजीव गांधी स्टडी सर्किल, देहरादून द्वारा राजपुर डायवर्जेंट से ओल्ड मसूरी रोड तक एक वृहद सफाई अभियान चलाया गया। स्टेट स्टूडेंट सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना के नेतृत्व में टीम ने प्लास्टिक और कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने स्वयं सफाई कर किया।
इस अवसर पर श्री धस्माना ने ‘से नो टू प्लास्टिक’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत हमें अपने घर से करनी चाहिए। उन्होंने गीले-सूखे और जैविक-अजैविक कूड़े को अलग-अलग निस्तारित करने का संदेश दिया। प्लास्टिक को पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपनी भावी पीढ़ी को प्रदूषण से बचाने के लिए जागरूक होना होगा।
श्री धस्माना ने उत्तराखंड के पर्यावरणीय योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य की 67 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र है और यहाँ कई प्रमुख नदियां व नेशनल पार्क हैं, जो वैश्विक पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उत्तराखंड को इस योगदान के बदले ‘ग्रीन बोनस’ मिलने की मांग उठाई। सुप्रिया धस्माना ने बताया कि ‘क्लीन दून-ग्रीन दून’ अभियान केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि युवा शक्ति के माध्यम से पूरे प्रदेश में निरंतर चलाया जाने वाला अभियान होगा। कार्यक्रम में अनेक स्वयंसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
