विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के भीमताल में झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपनी माता श्रीमती बिसना देवी के नाम से बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का जीवन और संस्कृति प्रकृति से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने नैनीताल की विश्वप्रसिद्ध झीलों के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भीमताल झील के किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाकर इसका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने जनमानस से मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल स्रोतों को बचाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी माताओं की स्मृति में पौधे रोपे। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और मुख्य वन संरक्षक तेजस्विनी अरविंद पाटील सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह आयोजन पर्यावरण के प्रति सामूहिक संकल्प और प्रकृति संरक्षण के संदेश को बढ़ावा देने वाला एक अभिनव प्रयास है।
