
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को मालदेवता-टिहरी रोड स्थित केशरवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 3 से 4 बीघा भूमि पर डिमार्केशन कर काटी जा रही अवैध प्लॉटिंग को नियमानुसार सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हरीश बिष्ट, आर्यन वालिया, सागर राणा और कुलदीप सिंह द्वारा यहां अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे थे। इस संबंध में प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत वाद योजित किया था। विपक्षी पक्ष द्वारा कोई वैध दस्तावेज या स्वीकृति प्रस्तुत न करने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण व प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि धोखाधड़ी और कानूनी परेशानियों से बचने के लिए भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य करें।
