
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय, देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस नई पहल की शुरुआत की।
महानिदेशक ने कहा कि डिजिटल युग में पॉडकास्ट संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़ी जानकारियां आमजन तक सरलता से पहुंचेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही फेक न्यूज पर चिंता जताते हुए नागरिकों से किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की। इसके साथ ही हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे लोक पर्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया ने स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने युवाओं व पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
