कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने चिड़ोंवाली स्थित मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। पुल पर हुए धंसाव का संज्ञान लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवागमन सुचारू रखने के लिए धंसाव वाले स्थान पर तत्काल भरान कार्य और सुरक्षा बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नए पुल के निर्माण की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि पुनर्निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल व आसपास के क्षेत्रों में मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।
इस दौरान भाजपा नेता सुरेंद्र राणा, कुलदीप रावत, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह और ईई बीएन द्विवेदी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
